Saturday, November 30, 2019

डॉ० युवती के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद शव को जलाया, पुलिस ने मामला दर्ज कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया



दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया) l  मानवता पर बदनुमा दाग की सनसनीखेज घटना तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से सामने आई है। रंगा रेड्डी जिले के शादनगर इलाके से बुधवार को एक वेटरनरी डॉक्टर लापता हो गई थी। बुधवार रात से गुरुवार तड़के तक डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म हुआ। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को 30 किमी दूर ले जाकर आग लगा दी। शुक्रवार को मामला सुर्खियों में आया। पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया। मामला दर्ज कर चार संदिग्धों को भी पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। ये ट्रक ड्राइवर और क्लीनर बताये गये हैं।

पीड़िता की मां ने कहा कि मेरी बेटी बहुत मासूम थी। मैं चाहती हूं कि दोषियों को भी जिंदा जला दिया जाए। इस घटना ने देशभर के लोगों को स्तब्ध कर दिया है। घटना को लेकर सड़क से लेकर संसद तक लोगों में आक्रोश दिखा। लोगों ने सरकार से देशभर में महिलाओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने और डॉक्टर के हत्यारों को फांसी देने की मांग की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पशु चिकित्सक युवती शादनगर में रहती थी। यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर साइबराबाद में एक पशु चिकित्सालय में कार्यरत थी। वह हर दिन हैदराबाद-बेंगलुरु नेशनल हाईवे स्थित टोंडुपल्ली टोल प्लाजा पर अपनी स्कूटी पार्क करती थी और वहां से कैब लेकरअस्पताल तक जाती थी। बुधवार रात डॉक्टर अस्पताल से टोल प्लाजा पर लौटी, तो वहां खड़ी स्कूटी पंक्चर मिली।
उसी समय रात 9:22 बजे डॉक्टर युवती ने अपनी बहन को फोन पर बताया कि उसकी स्कूटी पंक्चर हो गई। एक व्यक्ति ने उसे मदद की पेशकश की है। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर बताया कि मदद की पेशकश करने वाला व्यक्ति कह रहा है कि आसपास की सभी दुकानें बंद हैं और पंक्चर ठीक करवाने के लिए गाड़ी को कहीं और ले जाना होगा।
पुलिस को दिए बयान में कहा कि जब डॉक्टर ने अपनी बहन को फोन किया, तब वह डरी हुई थी। बहन ने उससे स्कूटी वहीं छोड़कर कैब से घर लौटने को कहा था। डॉक्टर ने कहा कि टोल प्लाजा के किनारे इंतजार करने में उसे अजीब लग रहा है। आसपास अजनबी लोग हैं, वे उसे घूर रहे हैं और उसे डर लग रहा है। पास में ही एक लॉरी खड़ी है, जहां कुछ लोग मौजूद हैं। डॉक्टर ने अपनी बहन से कहा कि वह उससे फोन पर बात करती रहे। उसके छह मिनट बाद डॉक्टर का फोन बंद हो गया। जब डॉक्टर 11 बजे तक घर नहीं लौटी, तब परिवार वालो नें थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के बाद सुबह चार बजे तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
डॉक्टर को हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर स्थित जिस टोल प्लाजा पर आखिरी बार देखा था, वहां से करीब 30 किमी दूर एक किसान ने गुरुवार सुबह उसका जला हुआ शव देखा। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर के परिवार के लोगों को घटनास्थल पर बुलाया। अधजले स्कार्फ और गले पड़े गोल्ड पेंडेंट से डॉक्टर के शव की पहचान हुई। पुलिस को आसपास से शराब की बोतलें भी मिलीं।
डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक ट्रक ड्राइवर और एक क्लीनर शामिल हैं। पुलिस ने संदेह जताया कि युवती को जाल में फंसाने के लिए अपराधियों ने उसके वाहन को जानबूझकर पंक्चर किया। आरोपियों ने डॉक्टर को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद गला घोटकर हत्या कर दी। शव को कालीन में लपेटकर रंगा रेड्डी जिले के चटनपल्ली फ्लाईओवर के नीचे ले जाया गया,जहां उसे जला दिया गया। पुलिस ने युवती की स्कूटी, कपड़े, जूतियां टोल प्लाजा के पास से बरामद की।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने डॉक्टर की हत्या मामले में जांच के लिए एक समिति का गठन किया। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने ट्वीट किया कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक एनसीडब्ल्यू कोई कसर नहीं छोड़ेगा। आयोग ने साइबराबाद पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनार को पत्र लिखकर विस्तृत जानकारी मांगी।  शर्मा ने पत्र में लिखा कि मामले में जांच के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग अपने एक सदस्य की अध्यक्षता में जांच समिति बनाने जा रहा है। मामले की गंभीरता देखते हुए मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि कृपया इस संबंध में जांच करें और उचित कार्रवाई करें।

No comments:

Post a Comment