Tuesday, June 18, 2019

केकड़ी में निर्माणाधीन रैगर छात्रावास के सदर्भ में कार्यकारिणी की मीटिंग का आयोजन किया गया



दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगाँवलिया) l  रविवार को केकड़ी शहर में निर्माणाधीन रैगर छात्रावास कॉम्प्लेक्स के सदर्भ में कार्यकारिणी की एक विशेष मीटिंग का आयोजन किया गया l जिसकी अध्यक्षता कर्नल दुर्गा लाल रैगर ने की । बैठक में चल रहे निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया तथा इस कार्य में लगी कार्यकारिणी को अनुकरणीय सेवाएं प्रदान करने के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया l
बैठक में निर्माणाधीन रैगर छात्रावास कॉम्प्लेक्स के पवित्र कार्य लिए भामाशाहों ने दिल खोल कर सहयोग राशि दी और तीन लाख से अधिक रुपए जुटाए गए l मुख्य भामाशाहों में राम गोपाल व ओम प्रकाश बडोला रहे जिन्होने एक एक लाख एक हजार का सहयोग दिया । मीटिंग उपस्थित महानुभवों ने भी अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा माफिक भरपूर धन दे कर छात्रावास जैसे पवित्र कार्य के लिए योगदान दिया ।
धन संग्रह के अलावा बैठक में अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार विमर्श हुआ जिनमें समाज में व्यापक कुरुतियों से छुटकारा पाने के उपाय, उनको लागू करने की तरतीब, बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु स्कूलों का समय समय पर विजिट कर उनका मनोबल ऊंचा करना, रिटायर्ड कर्मचारियों व सबल सज्जनों द्वारा गांवों बस्तियों में जाकर उनकी समस्याओं से रूबरू होना, उन्हे संघटित करना तथा यथासंभव मदद करना आदि ।
बैठक में बाबा साहेब के बारे में बताया गया और उनके बताए मार्ग पर समाज को चलने के लिए प्रेरित करना व उनके विचारो को समाज में प्रसारण करने के विषय पर भी चर्चा हुई । कुल मिलाकर बैठक बहुत ही सफल रही । भविष्य में भी इस प्रकार की मुलाकातें होती रहे इस विषय पर सहमति व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया l

रैगर समाज में समान विचारधारा के लोगों को संगठित होने की जरुरत है - कर्नल दुर्गा लाल रैगर


दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगाँवलिया) l वर्तमान में रैगर समाज बहुत सी परेशानियों और चुनौतियों से भरे वक्त से गुजर रहा हैं और प्रत्येक रैगर ऐसे माहौल में शांति और सुकून लाने में अपनी ओर से अधिक से अधिक सहयोग करने को तत्पर है और इसके लिये अपना योगदान करना चाहता है । कुछ लोग यह काम विभिन्न सोशल माध्यमो पर अपने विचार साझा करके कर रहे हैं l कई बार एक सामाजिक कार्यकर्ता एक सामाजिक विकास की पहल की दिशा में अपने कदम बढ़ाना चाहता हैं ताकि वह समाज को कुछ वापस दे सकें लेकिन वह सामाजिक समर्थन और आर्थिक मदद की कमी के चलते अपने विचार को मूर्त रूप देने में असफल हो जाता हैं ।

कर्नल दुर्गा लाल रैगर ने समाजहित एक्सप्रेस के संपादक से टेलिफोन पर बातचीत में बताया कि जो भी व्यक्ति अपने विचारों और जुनून के बूते रैगर समाज में बदलाव लाने का माद्दा रखते हैं लेकिन अब तक सामाजिक एकता और विकास के विचारो वाले मंच के अभाव में अपनी महत्वाकांक्षाओं को आवाज देने में असफल रहे हैं । मेरा मानना है कि जब तक रैगर समाज के समान विचारधारा के लोग एक मंच पर संगठित नहीं हो जाते तब तक समाजिक व्यवस्था में बदलाव और किसी भी क्षेत्र में भागीदारी असंभव है ।

वर्तमान समय में समान विचारधारा के लोगों को एक साथ आने की जरुरत है। इससे समाज, देश और प्रदेश का विकास संभव हो सकता है । भारत को स्वतंत्र हुए करीब सात दशक से अधिक हो चुके हैं । मगर रैगर समाज की कुछ समस्याएं जस की तस हैं । किसी भी सरकार ने न तो कोई ठोस योजना बनाई न ही दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया ।

रैगर समाज की सामाजिक राजनीति में एक बड़ा तबका सामाजिक समस्याओ के समाधान की बात करता है तो दूसरा तबका उसके विरोध में बात करता है और तीसरा तबका तटस्थ रहता है । इस कारण कोई भी योजना प्रेक्टिकल नहीं हो पा रही है । जब तक किसी भी समाज की कोई एक ठोस नीति या विचारधारा नहीं होती है, तो वह समाज विकास के मार्ग पर हमेशा कंफ्यूज ही रहता है, साथ ही उस सामाजिक संगठन के निर्णय भी कमजोर हो जाते हैं । ऐसे में समाज विरोधी लोग इस परिस्थित का लाभ उठाते हुए उस समाज को भीतर से कमजोर करने लगते हैं । कई दशको से समाज में यही होता आया है ।

आज़ादी के बाद से रैगर समाज के लोग वोट और दान देने का ही काम करते आ रहे हैं लेकिन उनकी कोई पहचान नहीं है । रैगर समाज के कुछ लोग नौकरी पेशा में लगे हैं । अब उन्हें सामाजिक व्यवस्था को बदलने के लिए थोड़ा समय निकालना होगा । जैसा कि मैंने ऊपर बताया हममें से प्रत्येक को अपने जुनून, दर्द, निराशा, रचनात्मकता और अन्य भावों को व्यक्त करने के लिये एक मंच की आवश्यकता होती है l ऐसे में हमने समाज विकास की समान विचारधारा के सामाजिक उद्यमियों और कार्यकर्ताओं को एक मंच पर आने के लिए आमंत्रित करते है जो समाज की बेहतरी के लिये एक दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने को तैयार रहे l जिस काम को हमने हाथ में लिया है वह काफी बड़ा है और अगर इस काम में कई हाथ और जुड़ जाएं तो इसे और बेहतरी से हम पूरा कर सकते हैं l समाज विकास की विचारधारा से जुड़ने ने लिए आप समाजहित एक्सप्रेस के व्हात्सप ग्रुप पर अपना नाम,पता और मोबाइल नंबर पोस्ट कर सकते है l



जानें देश के प्रथम नागरिक से लेकर अन्य 26 नागरिकों के क्रम के बारे में


भारत का पहला नागरिक राष्ट्रपति होते हैं, ये तो हम सभी जानते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि दूसरा, तीसरा और चौथा नागरिक कहां आता है? नहीं न। हम आपको बताते हैं, दरअसल भारतीय गृह मंत्रालय के अनुसार, भारत में कुल 26 तरह के नागरिक होते हैं। दूसरे नंबर पर देश का उप राष्ट्रपति होता है। वहीं तीसरे नंबर पर प्रधानमंत्री और चौथे नंबर पर सभी राज्यों के राज्यपाल होते हैं। इन्हें वरीयता सूची में नाम दिया गया है। इसमें आश्चर्य वाली बात ये है कि 26 तरह के नागरिकों में आम नागरिक कहीं नहीं है।
जानें देश के प्रथम नागरिक से लेकर अन्य 26 नागरिकों के क्रम के बारे में-
भारत का पहला नागरिक– देश का राष्ट्रपति
दूसरा नागरिक– देश का उप राष्ट्रपति
तीसरा नागरिक– प्रधानमंत्री
चौथा नागरिक– राज्यपाल (संबंधित राज्यों के सभी)
पांचवां नागरिक– देश के पूर्व राष्ट्रपति, पांचव (A) – देश का उप प्रधानमंत्री
छठा नागरिक– भारत का मुख्य न्यायधीश, लोकसभा का अध्यक्ष
सातवां नागरिक– केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, मुख्यमंत्री (संबंधित सभी राज्यों के), योजना आयोग के उपाध्यक्ष (वर्तमान ने नीति आयोग), पूर्व प्रधानमंत्री, राज्यसभा और लोकसभा में विपक्ष का नेता, सातवां (A)– भारत रत्न पुरस्कार विजेता
आठवां नागरिक– भारत में मान्यता प्राप्त राजदूत, मुख्यमंत्री (संबंधित राज्यों से बाहर के) गवर्नर्स (अपने संबंधित राज्यों से बाहर के)
नौवां नागरिक– सुप्रीम कोर्ट के जज, 9th A– यूनियन पब्लिक सर्सिस कमिशन (यूपीएससी) के चेयरपर्सन, चीफ इलेक्शन कमिशनर, भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक
दसवां नागरिक– राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन, डिप्टी चीफ मिनिस्टर्स, लोकसभा के डिप्टी स्पीकर, योजना आयोग के सदस्य (वर्तमान में नीति आयोग), राज्यों के मंत्री (सुरक्षा से जुड़े मंत्रालयों के अन्य मंत्री)
 ग्यारहवां नागरिक– अटार्नी जनरल (एजी), कैबिनेट सचिव, उप राज्यपाल (केंद्र शासित प्रदेशों के भी शामिल)
बाहरवां नागरिक– पूर्ण जनरल या समकक्ष रैंक वाले कर्मचारियों के चीफ
तेरहवां नागरिक– राजदूत ,असाधारण और पूर्ण नियोक्ता जो कि भारत में मान्यता प्राप्त हैं
चौदहवां नागरिक– राज्यों के चेयरमैन और राज्य विधानसभा के स्पीकर (सभी राज्य शामिल), हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस (सभी राज्यों की पीठ के जज शामिल)
पंद्रहवां नागरिक– राज्यों के कैबिनेट मिनिस्टर्स (सभी राज्यों के शामिल), केंद्र शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, दिल्ली के मुख्य कार्यकारी काउंसिलर (सभी केंद्र शासित राज्य) केंद्र के उपमंत्री
सोलहवां नागरिक– लेफ्टिनेंट जनरल या समकक्ष रैंक का पद धारण करने वाले स्टाफ के प्रमुख अधिकारी
सत्रहवां नागरिक– अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष, अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय आयोग के अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय आयोग के अध्यक्ष, उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश (उनके संबंधित न्यायालय के बाहर), उच्च न्यायालयों के पीयूज न्यायाधीश (उनके संबंधित अधिकार क्षेत्र में)
अट्ठारहवां नागरिक– राज्यों (उनके संबंधित राज्यों के बाहर) में कैबिनेट मंत्री, राज्य विधान मंडलों के सभापति और अध्यक्ष (उनके संबंधित राज्यों के बाहर), एकाधिकार और प्रतिबंधात्मक व्यापार व्यवहार आयोग के अध्यक्ष, उप अध्यक्ष और राज्य विधान मंडलों के उपाध्यक्ष (उनके संबंधित राज्यों में), मंत्री राज्य सरकारों (राज्यों में उनके संबंधित राज्यों), केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्री और कार्यकारी परिषद, दिल्ली (उनके संबंधित संघ शासित प्रदेशों के भीतर) संघ शासित प्रदेशों में विधान सभा के अध्यक्ष और दिल्ली महानगर परिषद के अध्यक्ष, उनके संबंधित केंद्र शासित प्रदेशों में।
उन्नीसवां नागरिक– संघ शासित प्रदेशों के मुख्य आयुक्त, उनके संबंधित केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यों के उपमंत्री (उनके संबंधित राज्यों में), केंद्र शासित प्रदेशों में विधान सभा के उपाध्यक्ष और मेट्रोपॉलिटन परिषद दिल्ली के उपाध्यक्ष
बीसवां नागरिक– राज्य विधानसभा के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन (उनके संबंधित राज्यों के बाहर)
इक्कीसवां नागरिक– सांसद सदस्य
बाइसवां नागरिक– राज्यों के डिप्टी मिनिस्टर्स (उनके संबंधित राज्यों के बाहर)
तेइसवां नागरिक– आर्मी कमांडर, वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और इन्हीं की रैंक के बराबर के अधिकारी, राज्य सरकारों के मुख्य सचिव, (उनके संबंधित राज्यों के बाहर), भाषाई अल्पसंख्यकों के आयुक्त, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आयुक्त, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य, अनुसूचित जातियों के लिए राष्ट्रीय आयोग के सदस्य, अनुसूचित जनजाति के लिए राष्ट्रीय आयोग के सदस्य
चौबीसवां नागरिक– उप राज्यपाल रैंक के अधिकारी या इन्हीं के समक्ष अधिकारी
पच्चीसवां नागरिक– भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव
छब्बीसवां नागरिक– भारत सरकार के संयुक्त सचिव और समकक्ष रैंक के अधिकारी, मेजर जनरल या समकक्ष रैंक के रैंक के अधिकारी इन नागरिकों की लिस्ट को आप गृह मंत्रालय की वेबसाइट http://mha.nic.in/hindi/top पर जाकर देख सकते हैं।

https://www.gaonconnection.com/desh/there-are-26-types-of-citizens-in-india-here-is-list

Saturday, June 15, 2019

दिल्ली में मंत्री जी से मिलने की आस हुई निराश - एक परदेशी की अभिव्यक्ति



दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगाँवलिया) l दिल्ली की हर यात्रा अपने आप में एक अद्वितीय यादों की महक छोड़ रही है l पिछले सप्ताह व्यस्त कार्यक्रम की वजह से मंत्री जी से मुलाक़ात नहीं हो पायी थी l सोमवार को हमने फोन पर मंत्री जी से  मिलने का प्लान बनाया l बीकानेर से बस द्वारा चल दिए दिल्ली मंत्री जी से मिलने, रास्ते में बस लेट हो गई और दिल्ली धौलाकुआ पहुँचते पहुँचते रात हो गई l मंत्री जी मिलने का प्रोग्राम रद्द हो गया l मंत्री जी के पीये से बात हुई उन्होंने कहा अगले दिन आ जाना l रात में अपने दोस्त के यहाँ ठहरे l
अगले दिन सवेरे जल्दी उठे और नहा-धोकर तैयार हुए जल्दी जल्दी नाश्ता किया क्योंकि मन में उत्कंठा थी मंत्री जी मिलने की और फोन पर टैक्सी बुलाकर दोस्त के घर से मंत्री जी के आवास चल दिए l अब मंत्री जी के आवास का रास्ता तय करना है, रास्ते में याद आया मंत्री जी के पास जा रहे है तो फूलो का बुग्गा तो होना चाहिये, सो रास्ते में फूलो की दुकान देख टैक्सी ड्राईवर से गाड़ी रुकवाई और एक बढिया सा फूलो का बुग्गा खरीद लिया l थोड़ी देर में मंत्री जी के बंगले पर पहुँच गए l
मंत्री जी के बंगले पर स्वागत कक्ष में पहुंचे और बताया कि हमे मंत्री जी से मिलना है वहां मौजूद स्टाफ ने बताया कि मंत्री जी अभी सोये हुए है आप बैठ जाय l मत्रीजी से मिलने की आस में बैठे-बैठे काफी समय हो गया तो हमने सोचा थोडा लघुशंका को हो आये, हम स्वागत कक्ष के स्टाफ को बोलकर बाहर चले गए l वापस आये तो पता चला मंत्री जी जाने वाले है हम ख़ुशी में झूम उठे कि अब मंत्रीजी से मुलाकात होगी l लेकिन ये क्या मंत्री जी अपने कक्ष से बाहर आये और हमसे बोले कि भाई क्षमा करना मेरा जरुरी मीटिंग की व्यस्तता का कार्यक्रम होने की वजह से मैं आप को समय नहीं दे सकता l बेचारा परदेशी 5 घंटे इंतजार करने के बाद भी मंत्री जी से अपने मन की बात कह न सका l परदेशी ने कविता की कुछ पंक्तियाँ लिख डाली जो इस प्रकार है :-
इंतजार का समय कैसे पंख लगा कर उड़ गया,
हमे बड़ा उत्साह था मंत्रीजी आपसे मिलने का l
कुछ जानने का, बतियाने का, मंद-2 मुस्काने का,
परदेशी से बिना मिले निकल गए मंत्री बुलेट जैसे ll


भाजपा नेता चतर सिँह रछौया के पिताश्री दिवंगत प्रभुराम रछौया के निधन पर शोकसभा का आयोजन



दिल्ली,समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया) l नांगलोई, भाजपा नेता चतर सिँह रछौया (पूर्व महासचिव-अखिल भारतीय रैगर महासभा (पँजी०) के पिताश्री दिवंगत प्रभु राम रछौया का निधन सोमवार 03 जून को हो गया था । उनकी शोकसभा का आयोजन नांगलोई स्थित रैगर चौपाल के प्रांगण में शुक्रवार 14 जून को किया गया l इस दौरान उपस्थित सभी लोगो ने दिवंगत प्रभु राम रछौया के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई ।
शुक्रवार 14 जून को भारतीय संस्कृति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार अन्त्येष्टि के बाद 12वें दिन दिवंगत प्रभु राम रछौया के निवास स्थान D-569 ,फेस-2 नाँगलोई,दिल्ली 41 के आंगन पर यज्ञ वेदी बनाकर दिवंगत आत्मा की शान्ति और सद्गति के लिए गंगा पूजन व हवन किया गया l पूजन के उपरांत ब्रह्मभोज में भोजन प्रसादी का आयोजन भी किया गया ।
मूलत: राजस्थान के रहने वाले दिवंगत प्रभु राम रछौया अपने पीछे चार बेटों और बहुओ का भरा-पुरा परिवार छोड़ गए हैं। जिनमे बड़ी बहु भुमि रछौया (पू्र्व -निगम पार्षद ,वार्ड-31 ,नाँगलोई पश्चिम) रही है और छोटी बहु वर्तमान में ज्योति रछौया (निगम पार्षद ,वार्ड-37 , नाँगलोई पश्चिम) है l
नांगलोई स्थित रैगर चौपाल के प्रांगण में शुक्रवार को शोकसभा आयोजित की गई l जिसमे परिवार के लोग, सम्बन्धीगण, स्थानीय लोगो के अलावा रैगर समाज के सामाजिक, धार्मिक संगठनो के लोग व भाजपा संगठन के कई नेता, मीडिया जगत के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य लोग पहुंचे । शोकसभा में उपस्थित सभी लोगो ने दिवंगत प्रभुराम रछौया के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई । इस अवसर पर उनके अच्छे कार्यों व निस्वार्थ सेवा की सराहना की गयी l
अखिल भारतीय रैगर महासंघ के राष्ट्रीय सचिव खुशहाल चन्द बडोलिया ने शोक जताते हुए कहा कि चतर सिँह रछौया के पिताश्री दिवंगत प्रभु राम रछौया जैसे व्यक्तित्व का साया रछौया परिवार के सर से उठ जाना, परिवार की तो क्षति है, साथ ही समाज की भी अपूर्णनीय क्षति हुई है । रछौया परिवार के सदस्य सदैव अपने पिताश्री से सलाह मशविरा करके अपने कार्यो को करता रहा है । परंतु संसार का नियम है जो आया है वो जायेगा भी । हम प्रभु से कामना करते है कि इस दुखद घडी में रछौया परिवार को शक्ति प्रदान करे ताकि परिवार दिवंगत प्रभु राम रछौया की क्षति को सहन कर सके ।
शोकसभा में मंगोलपुरी रैगर पंचायत के पूर्व प्रधान रोहताश कुमार बारोलिया ने कहा कि दिवंगत प्रभुराम रछौया अत्यंत मिलनसार और मृदुभाषी व्यक्ति थे। नांगलोई कॉलोनी का हर व्यक्ति उन्हें बेहतर रूप से जानता था और सभी उनको काफी पंसद भी करते थे । उन्होंने अपने पुत्र चतर सिंह को समाजसेवा का अच्छा दिशा निर्देश दिया कि चतर सिंह हमेशा समाज सेवा के लिए तैयार रहते है l राजनैतिक नेताओं से मिलकर लोगो की समस्याओ का समाधान कराते है और सदैव सामाजिक व धार्मिक कार्यो में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते है l
रोशन कनवाडिया ने बताया कि अखिल भारतीय रैगर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ० एस. के. मोहनपुरिया ने जयपुर से लिखित में संवेदना भेज कर चतर सिँह रछौया के पिताश्री दिवंगत प्रभु राम रछौया के आकस्मिक निधन पर शोक जताते हुए समाज की अपूर्णनीय क्षति बताई और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करने की प्रार्थना की । शोकसभा में सभी वक्ताओं ने मृतक आत्मा को श्री हरि के चरणों में स्थान प्राप्त करने की परम पिता परमात्मा से कामना की और मौन रखा गया ।


Friday, June 14, 2019

रैगर समाज की बेहतरी के लिए सबको सोचना होगा, सिर्फ बातें नहीं, प्रैक्टिकल में काम करना होगा

दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगाँवलिया) l आज रैगर समाज के सामाजिक परिवेश की बात करे, तो आमतौर पर हम जब किसी व्यक्ति को परमार्थ का कार्य करने को कहते है या समाजसेवा करने को कहते है तो सबसे पहले उसका जवाब होता है कि मुझे क्या मिलेगा ? मुझे इसने या समाज ने क्या दिया है ? मेरा क्या फायदा होगा ? मेरा क्या मतलब है ? मुझे क्या लेना-देना है ? मैं ही समाजसेवा या परमार्थ क्यूँ करू ? समाज के अधिकांश लोग हमेशा कुछ पाने की जुगाड़ मे ही लगे रहते है या पाने की ही सोचते रहते है ।
समाजहित एक्सप्रेस पर प्रसारित होने वाले हिंदी समाचार के निशुल्क अपडेट लगातार प्राप्त करने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें l
जो व्यक्ति समाजहित की दृष्टि से नहीं सोचकर केवल अपने स्वार्थ, अपने व्यक्तिवाद में लगे रहते है, ऐसे व्यक्ति की स्वार्थपरता सामाजिक जीवन के लिए विष के समान घातक है l स्वार्थी व्यक्ति ने अपने पास चाहे कितनी भी शक्ति,सामर्थ,समृद्धि,सम्पन्नता आदि अर्जित कर ली हो और उसकी समृद्धि, सम्पन्नता उसी तक सिमित है, किसी भी रूप में समाज को उसका लाभ नहीं पहुँचता तो उसकी सारी शक्ति,सामर्थ,समृद्धि,सम्पन्नता व्यर्थ है l समाज में व्यक्तिगत भाव का कोई स्थान नहीं है l ऐसे स्वार्थी व्यक्ति का कोई विवेकशील व्यक्ति तो आदर की दृष्टि से देखेगा नहीं l मुर्ख और चापलूस लोग भले ही उसको आदर सम्मान देते रहें l ऐसे स्वार्थी लोग ही समाज का शोषण करते है l परमार्थ की सोच के अभाव में समाज और व्यक्ति दोनों ही नष्ट हो जाते है l
जब कोई स्वार्थी व्यक्ति मर जाता है तो अक्सर सुनने मे आता है कि फलाना-फलाना व्यक्ति दुनिया को छोड़कर चला गया, लेकिन सोचो कि, वो जिंदा था, तब समाज को उससे क्या फायदा था, जो मरने पर नुकसान हो गया । चापलूस लोग कहते है कि, अच्छा व्यक्ति था, तब समाज के लोग कहते है कि, कैसे, जरा समझाये । केवल अपनी पत्नि, बेटा-बेटी और चापलूसों के लिए अच्छे होंगे, समाज क्या लेना-देना ?
अनेक बार अनेक लोग व्यक्तिवाद से प्रेरित होकर यह दावा करने का साहस करने लगते है कि उन्होंने अपना विकास अपने प्रयत्न एवं पुरुषार्थ के बल पर किया है, समाज ने उनकी कोई सहायता नहीं की, बल्कि टांग खीच कर पीछे खीचने का ही प्रयत्न किया है l ऐसे लोग शायद समाज को समझने की भूल करते है l वे केवल उन्हें ही समाज समझ बैठते है जिन्होंने उन्हें प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग नहीं दिया होता है l कुछ इने-गिने ही लोग समाज नहीं होते l समाज एक विशाल और व्यापक संस्था है l समस्त समाज जिसका असहयोग करता है उसका विकास तो दूर जीना भी दूभर हो जाता है l
व्यक्ति जो कुछ सीखता है वह समाज में ही समाज से सीखता है और जो कुछ पाता है समाज से ही पाता है l जब व्यक्ति का जन्म समाज में होता है तो, समाज में जन्म के साथ ही, उसको कुछ अधिकार प्राप्त हो जाते हैं और साथ उसका समाज के प्रति दायित्व भी उत्पन्न होता है । इस समाज मे पैदा होकर, हमने समाज को क्या दिया, समाज ने हमे गाड़ी, बंगला, राज-पाट, एश-आराम, धन-दौलत, सुख सभी दिया, इसके बदले मे हमने क्या दिया । यह कोई उधार नही है, यह तो ऋण है, समाज का हमारे ऊपर, जिसे हमे हर हालत में उतारना है । यदि हम, इस ऋण को नही चुकाते हैं तो, हमारा जीवन तो पशु समान ही रह जायेगा ।
उन सभी लोगों को सन्देश है कि, जो अपनी उम्र के अन्तिम पड़ाव में हैं, यह मंथन करे कि, उन्होंने इस समाज मे पैदा होकर, समाज को क्या दिया है । आप ने, अपने जीवन में लाखों करोड़ो रूपये कमाऐ हैं, जिसमे कुछ ईमानदारी से और कुछ बेईमानी से । इसमे कुछ हिस्सा यदि हमने समाज कल्याण मे दान कर दिया तो, आपकी भावी पीढ़ी पर कोई फर्क नही पड़ने वाला है । आपका समाज के प्रति दायित्व भी पूर्ण होगा और आपको समाज सम्मान भी देगा, नतीजा आपकी संतान भी आपका अधिक सम्मान करेगी, जो आपकी भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहेगा और समाज का विकास भी होगा ।
इतिहास गवाह है कि, समाज को दिशा देना, उसका मार्गदर्शन करना, समाज के बुद्विमान लोगों का दायित्व है । वे अपने दायित्व से पीछे नही हट सकते, क्योंकि आज भारत आजाद है तो, यह आजादी किसी गरीब या धनवान लोगों की देन नही है । यह बुद्धिमान समाज के लोगों की मेहनत बलिदान का ही परिणाम है । आज जो भी परिवार, समाज विकसित व साधन सम्पन्न हुये है, वे सभी समाज के बुद्विजीवी लोगों के त्याग व मेहनत के कारण है । अब प्रश्न उठता है कि, जो परिवार व समाज पिछड़े है उसके पीछे मूल कारण क्या है, इसका भी सीधा सा उत्तर है कि, इसके पीछे भी एहसान फरामोश प्रबुद्द लोग है, जिन्होंने समाज से लिया तो सब कुछ, लेकिन जब देने की बारी आई तो अपनी अक्कल का उपयोग करते हुए, किनारा कर दिया और अगुंठा दिखा दिया ।

Wednesday, January 9, 2019

भारतेन्दु हरिश्चन्द्र द्वारा रचित प्रसिद्ध कविता “मातृभाषा के प्रति"

निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल
बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल ।
अंग्रेजी पढ़ि के जदपि, सब गुन होत प्रवीन
पै निज भाषा-ज्ञान बिन, रहत हीन के हीन ।
उन्नति पूरी है तबहिं जब घर उन्नति होय
निज शरीर उन्नति किये, रहत मूढ़ सब कोय ।
निज भाषा उन्नति बिना, कबहुं न ह्यैहैं सोय
लाख उपाय अनेक यों भले करे किन कोय ।
इक भाषा इक जीव इक मति सब घर के लोग
तबै बनत है सबन सों, मिटत मूढ़ता सोग ।
और एक अति लाभ यह, या में प्रगट लखात
निज भाषा में कीजिए, जो विद्या की बात ।
तेहि सुनि पावै लाभ सब, बात सुनै जो कोय
यह गुन भाषा और महं, कबहूं नाहीं होय ।
विविध कला शिक्षा अमित, ज्ञान अनेक प्रकार
सब देसन से लै करहू, भाषा माहि प्रचार ।
भारत में सब भिन्न अति, ताहीं सों उत्पात
विविध देस मतहू विविध, भाषा विविध लखात ।
सब मिल तासों छांड़ि कै, दूजे और उपाय
उन्नति भाषा की करहु, अहो भ्रातगन आय ।